रोटरी मीन्स बिजनेस फेलोशिप (RMBF) जयपुर की नई कार्यकारिणी का पदस्थापन, अंतरराष्ट्रीय चेयरमैन अरविंद कुमार बत्रा का हुआ अभिनंदन

 



जयपुर। रोटरी मीन्स बिजनेस फेलोशिप (RMBF) जयपुर की ओर से श्याम नगर स्थित प्रतिष्ठा बैंक्वेट्स, फर्न हैबिटेट में भव्य "अवॉर्ड नाइट एवं इंस्टॉलेशन सेरेमनी" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नई कार्यकारिणी का विधिवत पदस्थापन किया गया, साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सदस्यों को सम्मानित किया गया। समारोह में शहर के उद्योगपतियों, व्यवसायियों, रोटेरियन्स और गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।



समारोह का मुख्य आकर्षण रोटरी मीन्स बिजनेस फेलोशिप के इंटरनेशनल चेयरमैन रोटेरियन अरविंद कुमार बत्रा का अभिनंदन रहा। इस अवसर पर सदस्यों ने संगठन को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने, विभिन्न देशों में फेलोशिप के विस्तार तथा व्यवसायिक नेटवर्क को मजबूत बनाने में उनके योगदान की सराहना की। नई जिम्मेदारी संभालने पर उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया और उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी गईं।



कार्यक्रम के दौरान जयपुर चैप्टर की नई कार्यकारिणी ने विधिवत पदभार ग्रहण किया। सिद्धार्थ माखरिया ने चेयरमैन, गौरव माथुर ने वाइस चेयरमैन, आशीष भारद्वाज ने सचिव तथा मेघा शर्मा ने कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली। नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, युवा उद्यमियों को जोड़ने तथा व्यापारिक सहयोग और नेटवर्किंग को बढ़ावा देने का संकल्प व्यक्त किया।





समारोह में एसोचैम (ASSOCHAM) के चेयरमैन हिमांशु एम. गोयल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में उद्योग, व्यापार और उद्यमिता के विकास के लिए नेटवर्किंग, नवाचार और आपसी सहयोग बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि रोटरी मीन्स बिजनेस फेलोशिप व्यवसायिक समुदाय को एक ऐसा मंच प्रदान कर रही है, जहां उद्यमी एक-दूसरे के अनुभवों से सीखते हुए नए अवसरों का सृजन कर सकते हैं। उन्होंने संगठन की गतिविधियों की सराहना करते हुए इसे उद्योग जगत के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।





कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सदस्यों को सम्मानित भी किया गया। इस दौरान संगठन की उपलब्धियों, भविष्य की योजनाओं और व्यवसायिक सहयोग को बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।


समारोह के अंत में सभी अतिथियों ने नवगठित कार्यकारिणी को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं और संगठन की निरंतर प्रगति की कामना की। कार्यक्रम का समापन स्नेहभोज के साथ हुआ, जिसमें सभी सदस्यों ने आपसी संवाद और नेटवर्किंग के माध्यम से व्यवसायिक संबंधों को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

Previous Post Next Post