27 जुलाई को देशभर में गूंजेगा गौ सम्मान का संकल्प, हर जिले में सौंपेंगे ज्ञापन

 


जयपुर। गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने और देशभर में गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर 27 जुलाई को देशव्यापी 'गौ सम्मान आह्वान अभियान' आयोजित किया जाएगा। इस दिन देश के सभी जिला मुख्यालयों पर गौ भक्त एकत्र होकर जिला कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपेंगे। जयपुर में भी हजारों गौ भक्त सामूहिक रूप से गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने का संकल्प लेंगे।



अभियान के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर रविवार को वैशाली नगर स्थित भारतीय गौ क्रांति मंच के प्रदेश कार्यालय में बैठक आयोजित हुई। बैठक में 27 जुलाई के आयोजन, जनसंपर्क और हस्ताक्षर अभियान की रणनीति तय की गई। संत-महात्माओं, धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों, गौशाला संचालकों और युवाओं को अभियान से जोड़कर इसे जन आंदोलन का स्वरूप देने का निर्णय लिया गया।




बैठक को संबोधित करते हुए गौ ऋषि प्रकाश दास महाराज ने कहा कि गौ माता केवल आस्था का विषय नहीं हैं, बल्कि भारतीय कृषि, पर्यावरण, प्राकृतिक खेती और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आधारशिला हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से गौ माता को राष्ट्र माता और राजस्थान सरकार से राज्य माता का दर्जा देने की मांग की। साथ ही देशभर में गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने की भी अपील की।



भारतीय गौ क्रांति मंच के प्रदेश अध्यक्ष ताराचंद कोठारी ने बताया कि जयपुर के मानसरोवर स्थित वीटी रोड मैदान में हजारों गौ भक्त एकत्र होंगे। कार्यक्रम में गौ संकीर्तन, गोमय महायज्ञ और गौ महिमा प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। प्रदर्शनी में देशी गौवंश की वैज्ञानिक उपयोगिता, प्राकृतिक खेती में योगदान और गौ संरक्षण से जुड़े नवाचारों को प्रदर्शित किया जाएगा। श्रद्धालुओं को गाय के दूध, छाछ, दही, लस्सी और मक्खन का प्रसाद भी वितरित किया जाएगा।


उन्होंने बताया कि ज्ञापन में गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने, देशभर में गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध, पशु तस्करी पर कठोर कार्रवाई, निराश्रित गौवंश के संरक्षण के लिए प्रभावी राष्ट्रीय नीति, प्रत्येक जिले में आधुनिक गौशालाओं की स्थापना, गौ आधारित प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और गौ संरक्षण कानूनों का सख्ती से पालन कराने की मांग की जाएगी।

इधर, जयपुर के आराध्य गोविंद देवजी मंदिर में चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान को भी व्यापक समर्थन मिला। हजारों श्रद्धालुओं ने हस्ताक्षर कर गौ सम्मान आह्वान अभियान से जुड़ने का संकल्प लिया और 27 जुलाई के देशव्यापी कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों से भागीदारी की अपील की।

बैठक में गौ ऋषि प्रकाश दास महाराज, भारतीय गौ क्रांति मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष ताराचंद कोठारी, महाराज पवन दास, सुगंजी शर्मा, आशीष मीणा, विनोद यादव, सांगानेर तहसील प्रभारी भानु गौतम, अनीता शर्मा, सुजाता शर्मा सहित अनेक गौ सेवक उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post