राष्ट्रीय करणी सेना का सेवा संकल्प दिवस: जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीनें वितरित, स्वास्थ्य शिविर में सैकड़ों ने उठाया लाभ

 



जयपुर। राष्ट्रीय करणी सेना की ओर से बुधवार को गांधी पथ, वैशाली नगर स्थित जानकी पैराडाइज में सेवा संकल्प दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व शिव सिंह शेखावत ने किया। इस दौरान जरूरतमंद महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सिलाई मशीनें वितरित की गईं। साथ ही नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित कर लोगों को चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।



कार्यक्रम में आध्यात्मिक विभूति अर्जुनाचार्य, गोपालपुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष पवन गोयल, शगुन ग्रुप के डायरेक्टर जे.डी. महेश्वरी, पूर्व विधायक प्रताप सिंह खाचरियावास, इवेंट किंग नितिन दुबे एवं प्रियंका दुबे सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।




सेवा संकल्प दिवस के तहत आयोजित चिकित्सा शिविर में ब्लड शुगर, ईसीजी और ब्लड प्रेशर की जांच की गई। बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण करवाकर चिकित्सकों से परामर्श लिया। आयोजन के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर अतिथियों और उपस्थित लोगों का भव्य स्वागत किया गया।



कार्यक्रम संयोजक शिव सिंह शेखावत ने कहा कि समाज में सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए आगे आने और समाज सेवा को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सेवा ही सच्चे अर्थों में राष्ट्र निर्माण का आधार है।





कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एवं प्रसिद्ध फिल्म निर्माता अनिल शर्मा ने अपने संघर्ष और सफलता के अनुभव साझा करते हुए युवाओं को मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। वहीं बॉलीवुड अभिनेता जोजो और बॉलीवुड सिंगर व इंटरनेशनल परफॉर्मर ए.क्यू.एम. अली कुली मिर्जा ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।





समापन अवसर पर समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए शिव सिंह शेखावत का अतिथियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने साफा पहनाकर, माल्यार्पण और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही।

Previous Post Next Post