डॉक्टर्स डे पर नेचर वेलफेयर काउंसिल और वाइटलकेयर फाउंडेशन ने चलाया पौधारोपण अभियान

 



जयपुर। राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर विद्याधर नगर स्थित शेखावाटी हॉस्पिटल परिसर के आसपास नेचर वेलफेयर काउंसिल और वाइटलकेयर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए बड़ी संख्या में पौधे लगाए गए।

कार्यक्रम का आध्यात्मिक सानिध्य गोपाल शरण महाराज ने प्रदान किया। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पौधारोपण करवाया और उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनका संरक्षण करने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि शेखावाटी हॉस्पिटल के निदेशक एवं आईएमए हॉस्पिटल बोर्ड ऑफ इंडिया के सचिव डॉ. सर्वेशशरण जोशी ने देशभर के चिकित्सकों को राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नेचर वेलफेयर काउंसिल और वाइटलकेयर फाउंडेशन की ओर से चलाए जा रहे पौधारोपण, संरक्षण और संवर्धन अभियान की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक डॉक्टर को अपने परिवार के साथ कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए।

नेचर वेलफेयर काउंसिल के चेयरमैन सर्वेश्वर शर्मा ने कहा कि लगातार हो रही पेड़ों की कटाई के कारण वैश्विक तापमान में वृद्धि और जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर समस्याएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि अनियमित बारिश, सूखा और बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं से बचने का सबसे प्रभावी उपाय अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनका संरक्षण करना है। यदि प्रत्येक व्यक्ति पौधों की देखभाल अपने बच्चों की तरह करे, तो पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ वर्ष 2070 तक भारत के कार्बन न्यूट्रल लक्ष्य को हासिल करने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

शेखावाटी हॉस्पिटल के कार्यकारी निदेशक डॉ. एस.पी. यादव ने सभी अतिथियों का स्वागत किया, जबकि वाइटलकेयर फाउंडेशन के चेयरमैन प्रवीण शर्मा ने पौधारोपण अभियान में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर डॉ. राकेश यादव, अभिमन्यु सिंह राठौड़ सहित अस्पताल के चिकित्सक, स्टाफ और अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post