जयपुर शहर की जनता का लंबे समय से इंतजार अब समाप्त होने जा रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शुक्रवार को जनपथ विधानसभा से JCTSL की PM e-बसों को हरी झंडी दिखाकर उनके संचालन का शुभारंभ करेंगे।
गौरतलब है कि इन इलेक्ट्रिक बसों का ट्रायल 26 फरवरी से शुरू हुआ था, जबकि 18 मार्च से बसें चरणबद्ध तरीके से JCTSL के बेड़े में शामिल होना शुरू हुईं। हालांकि, अब तक निर्धारित 150 बसों के स्थान पर केवल 31 (9 मीटर) इलेक्ट्रिक बसें ही JCTSL को प्राप्त हुई हैं।
इधर, बसों के संचालन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए सांगानेर आगार प्रबंधन ने 20 जून 2026 से इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को देखते हुए सभी चालक एवं परिचालकों के अवकाश अगले आदेश तक निरस्त कर दिए हैं। जारी कार्यालय आदेश के अनुसार सभी कर्मचारियों को अपनी निर्धारित ड्यूटी पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
अब जयपुरवासियों को आधुनिक, पर्यावरण-अनुकूल और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन सेवा का लाभ मिलने की उम्मीद है।