जयपुर, 20 जून। भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार शनिवार, 20 जून को जयपुर के सीतापुरा स्थित जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में आयोजित विशेष संवाद कार्यक्रम में प्रदेश के लगभग 700 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) एवं सुपरवाइजरों से संवाद करेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवीन महाजन ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया के सबसे महत्वपूर्ण कड़ी माने जाने वाले बीएलओ के अनुभवों, सुझावों एवं जमीनी स्तर पर आने वाली चुनौतियों को समझना तथा निर्वाचन कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए उनका मार्गदर्शन करना है। इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करेंगे तथा मतदाता सूची के अद्यतन, मतदाता जागरूकता और निर्वाचन संबंधी गतिविधियों में उनकी भूमिका पर चर्चा करेंगे।
श्री महाजन ने बताया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त लगभग 1.15 घंटे तक बीएलओ एवं सुपरवाइजरों के साथ संवाद करेंगे। इस दौरान वे निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे तथा अधिकारियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों एवं सुझावों पर अपने विचार साझा करेंगे। कार्यक्रम में बीएलओ के अनुभवों और निर्वाचन कार्यों के दौरान प्राप्त नवाचारों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि बूथ लेवल अधिकारी निर्वाचन प्रक्रिया की आधारभूत इकाई के रूप में कार्य करते हैं। मतदाता सूची के अद्यतन, नए मतदाताओं के पंजीकरण, मतदाता पहचान संबंधी सत्यापन तथा निर्वाचन आयोग की विभिन्न गतिविधियों को आमजन तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। ऐसे में मुख्य निर्वाचन आयुक्त का यह संवाद कार्यक्रम निर्वाचन तंत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
गौरतलब है कि राजस्थान एसआईआर के विभिन्न चरणों में तत्समय चल रहे 12 राज्यों व केन्द्रशासित प्रदेशों में अग्रणी रहा। एसआईआर प्रारंभ होने से पूर्व ही 70 प्रतिशत मैपिंग तथा एसआईआर के दौरान 98 प्रतिशत तक मैपिंग कर राज्य ने देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजस्थान में 27 अक्टूबर 2025 से एसआईआर प्रारंभ हुआ। गणना चरण की शुरुआत 4 नवंबर 2025 से हुयी। मतदाता सूचियों के प्रारूप का प्रकाशन 16 दिसंबर 2025 का हुआ। अंता विधानसभा को छोड़कर 199 विधानसभाओँ की मतदाता सूचियों का प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को हुआ।
राजस्थान में एसआईआर के उपरांत अंतिम मतदाता सूची में अंता विधानसभा को शामिल करने के उपरांत मतदातओं की कुल संख्य़ा 5.17 करोड़ रही। 52,490 बूथ स्तरीय अधिकारियों के अथक प्रयासों से 5.48 करोड़ मतदाताओं के लिए एसआईआर का कार्य समय से पूर्व सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।