भारत अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र एवं निर्वाचन प्रबंधन संस्थान (IIIDEM) आज अपना 15वाँ स्थापना दिवस मना रहा है। इस अवसर को चिह्नित करने के लिए IIIDEM ने 16-17 जून, 2026 को नई दिल्ली में “क्षमता निर्माण एवं रणनीतिक रोडमैप” विषय पर दो दिवसीय सम्मेलन का आयोजन किया।
इस कार्यक्रम में 450 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें 250 राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मास्टर प्रशिक्षक, शैक्षणिक साझेदार, IIIDEM के 80 प्रतिभागी, निर्वाचन आयोग (ECI) के 30 अधिकारी तथा दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO Delhi) कार्यालय के 100 बीएलओ पर्यवेक्षक शामिल थे। सम्मेलन का उद्देश्य उपलब्धियों की समीक्षा करना, उभरती प्राथमिकताओं पर चर्चा करना तथा निर्वाचन क्षमता निर्माण की भावी दिशा निर्धारित करना था।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में राजस्थान से
राज्य प्रशिक्षण नोडल अधिकारी, Jt. CEO डॉ. रौनक बैरागी, RAS
NLMT श्रीमती प्रतिभा पारीक, RAS NLMT श्री जयप्रकाश नारायण, RAS
NLMT श्रीमती अंतुश्री पूनिया, RAcS
OSD (Traning) डॉ. रेणु पूनिया, Associate Professor
Subject Expert डॉ. प्रशांत भादु, Assistant Professor ने भाग लिया ।
Plenary Session के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार ने IIIDEM टीम को निर्वाचन प्रशिक्षण एवं प्रबंधन के क्षेत्र में 15 वर्ष पूर्ण करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों के दौरान संस्थान लगभग 1.8 करोड़ अधिकारियों के प्रशिक्षण की जिम्मेदारी निभाता है, ताकि वे संविधान, कानूनों तथा निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप कार्य कर सकें।
अंतरराष्ट्रीय IDEA (International IDEA) की भारत की अध्यक्षता का उल्लेख करते हुए निर्वाचन आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने कहा कि IIIDEM, भारत की अध्यक्षता समाप्त होने के बाद भी वैश्विक स्तर की निर्वाचन प्रबंधन प्रशिक्षण संस्था के रूप में अपनी भूमिका जारी रख सकता है।
IIIDEM के महानिदेशक श्री राकेश वर्मा ने अपने उद्घाटन भाषण में कहा कि IIIDEM निर्वाचन प्रबंधन प्रशिक्षण के लिए एक विशिष्ट संस्थान है, जो भारतीय चुनावों के संचालन का व्यापक अनुभव रखने वाले व्यावहारिक विशेषज्ञों तथा शिक्षाविदों एवं शोधकर्ताओं को ज्ञान निर्माण और आदान-प्रदान के लिए एक मंच प्रदान करता है।
सम्मेलन चार रणनीतिक स्तंभों पर केंद्रित रहा:
राष्ट्रीय कार्यक्रमों को सुदृढ़ बनाना,
वैश्विक कार्यक्रमों एवं सहभागिताओं का विस्तार करना,
अनुसंधान एवं ज्ञान विकास को प्रोत्साहित करना,
सतत लोकतंत्र एवं निर्वाचन प्रबंधन को बढ़ावा देना।
पहले दिन के सत्रों में राष्ट्रीय प्रशिक्षण नीति के मसौदे, राज्य/जिला/विधानसभा स्तर पर प्रशिक्षण मानकों, निर्वाचन प्रबंधन निकायों के लिए नए कार्यक्रमों आदि पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अतिरिक्त, जमीनी स्तर के निर्वाचन कर्मियों के प्रशिक्षण एवं मतदाता जागरूकता हेतु वीडियो तथा नाटिकाओं की पटकथाओं की भी समीक्षा की गई।
दूसरे दिन राज्य स्तरीय नोडल अधिकारियों (STNOs), राष्ट्रीय स्तरीय मास्टर प्रशिक्षकों (NLMTs) तथा राज्य स्तरीय मास्टर प्रशिक्षकों (SLMTs) के लिए प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण (Training of Trainers) सत्र आयोजित किए गए। साथ ही, शैक्षणिक विशेषज्ञों द्वारा विषयगत समूहों की प्रगति की समीक्षा तथा पूर्ण अधिवेशन के दौरान स्थापना दिवस समारोह एवं निर्वाचन आयोग से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए गए।
वर्ष 2011 से अब तक, IIIDEM ने 1,885 प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया है, जिनके माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऑफलाइन और ऑनलाइन माध्यमों से 1,20,883 प्रतिभागियों तक पहुंच बनाई गई है। IIIDEM की अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण गतिविधियाँ 142 देशों तक विस्तारित हैं।
राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के सहयोग से IIIDEM प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण, अनुसंधान एवं ज्ञान विकास तथा लोकतांत्रिक शासन एवं निर्वाचन प्रबंधन के संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार के माध्यम से विश्वभर में लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था और निर्वाचन प्रबंधन को मजबूत बनाने में योगदान दे रहा है।