जोबनेर। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के जन्मदिवस के अवसर पर जोबनेर में "रन फॉर लंग्स" मैराथन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व युवा कांग्रेस नेता अभिषेक चौधरी ने किया। सुबह 7 बजे ढाणी नागा चौराहा से शुरू हुई मैराथन महला तिराहा पर जाकर संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मैराथन का उद्देश्य युवाओं को स्वास्थ्य, फिटनेस और स्वच्छ वातावरण के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान प्रतिभागियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता के विजेताओं को साइकिल सहित विभिन्न पुरस्कार प्रदान किए गए।
अभिषेक चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी देश के युवाओं की आवाज हैं और उनके जन्मदिवस पर आयोजित यह मैराथन युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजनों की निरंतर आवश्यकता है।
कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने भी भाग लिया, आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न होने पर अभिषेक चौधरी ने सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया