जयपुर, 19 जून। राजधानी जयपुर के सार्वजनिक परिवहन क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। शहरवासियों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार अब खत्म होने वाला है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को जनपथ विधानसभा क्षेत्र से PM e-बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर औपचारिक रूप से शुभारंभ करेंगे।
इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के साथ ही जयपुर को आधुनिक, पर्यावरण-अनुकूल और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन की नई सौगात मिलेगी। यह पहल न केवल प्रदूषण कम करने में सहायक होगी, बल्कि यात्रियों को बेहतर और आरामदायक यात्रा अनुभव भी प्रदान करेगी।
जानकारी के अनुसार, PM e-बसों का ट्रायल 26 फरवरी 2026 से शुरू किया गया था, जबकि 18 मार्च से इन बसों को चरणबद्ध तरीके से जयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (JCTSL) के बेड़े में शामिल किया जाने लगा। हालांकि निर्धारित 150 बसों के मुकाबले फिलहाल 31 इलेक्ट्रिक बसें (9 मीटर श्रेणी) ही जयपुर को प्राप्त हुई हैं, जिनका संचालन प्रारंभ किया जा रहा है।
बसों के सफल संचालन को सुनिश्चित करने के लिए सांगानेर आगार प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं। 20 जून से इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को देखते हुए सभी चालक एवं परिचालकों के अवकाश अगले आदेश तक निरस्त कर दिए गए हैं। जारी आदेश में सभी कर्मचारियों को अपनी निर्धारित ड्यूटी पर समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
शहर में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और पर्यावरण हितैषी यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही स्मार्ट और ग्रीन मोबिलिटी की दिशा में जयपुर एक और महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ाएगा।
परिवहन विशेषज्ञों का मानना है कि PM e-बस सेवा के विस्तार से निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी, ट्रैफिक दबाव घटेगा और प्रदूषण नियंत्रण में भी सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।
