जयपुर, 19 जून। राजस्थान को नशामुक्त बनाने की दिशा में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने शुक्रवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए जालोर, ब्यावर और जयपुर में एक साथ चार बड़ी कार्रवाई कर नशा तस्करों के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया। इन कार्रवाइयों में अफीम, स्मैक, गांजा और नशे की कमाई से अर्जित नकदी बरामद करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशों पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर नशे के कारोबार में लिप्त आरोपियों को दबोचा। एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।
भीनमाल में घर की रसोई से मिली अफीम
जालोर जिले के भीनमाल थाना क्षेत्र के जेरण गांव में एएनटीएफ को सूचना मिली कि एक व्यक्ति अपने घर से अफीम की खरीद-फरोख्त कर रहा है। सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने जुठाराम देवासी (48) के मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान रसोईघर में छिपाकर रखी गई 938 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
ब्यावर में स्मैक सप्लाई करने पहुंचे पति-पत्नी गिरफ्तार
ब्यावर शहर में कंचन पेट्रोल पंप के निकट एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए स्मैक की सप्लाई करने पहुंचे पति-पत्नी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनकी स्कूटी की तलाशी ली तो डिग्गी से 24.88 ग्राम स्मैक बरामद हुई। कार्रवाई में दीपक कुमार (45) और उसकी पत्नी लक्ष्मी देवी (43) को गिरफ्तार कर स्कूटी जब्त कर ली गई।
जयपुर ग्रामीण में महिला तस्कर के कब्जे से गांजा और स्मैक बरामद
जयपुर के शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में पूर्णिमा कॉलेज के पीछे स्थित झुग्गी बस्ती में पुलिस ने एक महिला तस्कर को दस्तयाब किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 335 ग्राम गांजा, 0.71 ग्राम स्मैक तथा 21,500 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी महिला शरबत देवी (55) को हिरासत में लेकर मामला दर्ज किया।
नारायण विहार में भी महिला तस्कर गिरफ्तार
जयपुर शहर के नारायण विहार थाना क्षेत्र की जयशंकर कॉलोनी में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया। उसके बैग से 142 ग्राम गांजा और 2,000 रुपये नकद बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लाली देवी (32) के रूप में हुई है।
सफल कार्रवाई करने वाली टीम होगी सम्मानित
आईजी विकास कुमार ने इन चारों कार्रवाइयों को एएनटीएफ की बड़ी सफलता बताते हुए इसमें शामिल एएनटीएफ, भीनमाल, ब्यावर सिटी, शिवदासपुरा और नारायण विहार थाना पुलिस की सराहना की। उन्होंने बताया कि इस अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाले अधिकारियों और जवानों को विशेष कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।
आमजन से सहयोग की अपील
एएनटीएफ ने आमजन से नशा तस्करी और अपराध से जुड़ी गतिविधियों की सूचना देने की अपील की है। आईजी विकास कुमार ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी एएनटीएफ कंट्रोल रूम या व्हाट्सएप नंबर पर दी जा सकती है तथा सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


