भामाशाह टेक्नो हब में DPIIT अतिरिक्त सचिव अतिश कुमार सिंह का दौरा, स्टार्टअप और नवाचार पर हुआ मंथन

 



जयपुर, 19 जून। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार के उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) के अतिरिक्त सचिव अतिश कुमार सिंह ने शुक्रवार को जयपुर स्थित भामाशाह टेक्नो हब का दौरा किया। राजस्थान सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग (DoIT&C) के सहयोग से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में राज्य के स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमिता पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत बनाने पर व्यापक चर्चा हुई।

कार्यक्रम में अतिश कुमार सिंह ने राजस्थान के प्रमुख स्टार्टअप संस्थापकों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और नवाचार क्षेत्र से जुड़े हितधारकों के साथ संवाद किया। उन्होंने राज्य में नवाचार आधारित विकास, उद्यमिता और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला।



अपने संबोधन में उन्होंने "सरकार के 12 वर्ष और स्टार्टअप इंडिया पहल के 10 वर्ष" विषय पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि स्टार्टअप इंडिया ने देश में उद्यमिता की नई संस्कृति विकसित की है और युवाओं को नवाचार के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की उपलब्धियां राज्य की नवाचार को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं और आने वाले समय में राज्य देश के प्रमुख स्टार्टअप केंद्रों में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।

उन्होंने कहा कि स्टार्टअप और नवाचार का लाभ केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे उन जिलों और समुदायों तक भी पहुंचाना होगा जो अभी इस पारिस्थितिकी तंत्र का हिस्सा नहीं बन पाए हैं। उन्होंने TEJAS जैसी पहलों को इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि भारत की नवाचार यात्रा के अगले दशक को आकार देने में राजस्थान की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

कार्यक्रम के दौरान अतिश कुमार सिंह ने मीडिया से भी बातचीत की। प्रेस वार्ता में उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमिता प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि DPIIT मान्यता, वित्तीय सहायता, मेंटरशिप, निवेश अवसर और डिजिटल कॉमर्स प्लेटफॉर्म जैसे प्रयास युवाओं एवं उद्यमियों को आगे बढ़ने के नए अवसर प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए सरकार की प्राथमिकताओं और स्टार्टअप इकोसिस्टम के विस्तार को लेकर भी अपने विचार साझा किए।

इस अवसर पर स्टार्टअप इंडिया टीम ने प्रतिभागियों को DPIIT स्टार्टअप मान्यता, वित्तीय एवं ऋण सहायता, निवेश अवसरों और विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही स्टार्टअप्स के लिए उपलब्ध सहायता तंत्र और नवाचार को बढ़ावा देने वाली प्रमुख पहलों पर प्रस्तुति भी दी गई।

कार्यक्रम में ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ONDC) के एमडी एवं सीईओ विभोर जैन ने भी विशेष सत्र को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि ONDC स्टार्टअप्स, MSME, महिला उद्यमियों, किसानों, एफपीओ और स्वयं सहायता समूहों को डिजिटल बाजारों से जोड़ने का प्रभावी मंच प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि डिजिटल कॉमर्स के माध्यम से छोटे व्यवसायों के लिए नए ग्राहकों और बाजारों तक पहुंच आसान हुई है।

विभोर जैन ने बताया कि ONDC नेटवर्क से देशभर में 10 हजार से अधिक रिटेलर और 35 से अधिक प्रमुख ब्रांड जुड़े हुए हैं। उन्होंने स्टार्टअप्स और उद्यमियों से डिजिटल व्यापार के नए अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में स्टार्टअप संस्थापकों, इनक्यूबेटर्स, निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों, शैक्षणिक संस्थानों और सरकारी अधिकारियों ने भाग लिया। यह आयोजन राज्य में नवाचार, ज्ञान-साझाकरण और सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ तथा विकसित राजस्थान-2047 के विजन को आगे बढ़ाने की दिशा में सार्थक पहल के रूप में उभरा।

Previous Post Next Post