राजस्थान विश्वविद्यालय के समर कैंप में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से प्रशिक्षण ले रहे युवा खिलाड़ी




जयपुर, 16 जून। राजस्थान विश्वविद्यालय के खेल मंडल एवं शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर (समर कैंप) में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। एक जून से शुरू हुआ यह शिविर निरंतर उत्साह के साथ संचालित हो रहा है, जिसमें प्रतिभागियों को खेलों की बारीकियों के साथ-साथ शारीरिक एवं मानसिक विकास का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

खेल मंडल की सचिव डॉ. प्रतिभा सिंह रत्नू ने बताया कि शिविर में खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों एवं अनुभवी प्रशिक्षकों की सेवाएं ली जा रही हैं। उनके मार्गदर्शन में युवा खिलाड़ी खेल तकनीक, रणनीति, फिटनेस और प्रतिस्पर्धात्मक कौशल की विशेष ट्रेनिंग प्राप्त कर रहे हैं।

शिविर में एथलेटिक्स, हॉकी, वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेलों का नियमित प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षकों द्वारा खिलाड़ियों की व्यक्तिगत क्षमताओं को ध्यान में रखते हुए विशेष अभ्यास कराया जा रहा है, जिससे उनकी खेल प्रतिभा को निखारने में मदद मिल रही है। प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों को खेलों के आधुनिक तकनीकी पहलुओं और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी से भी अवगत कराया जा रहा है।

खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए प्रतिदिन योग सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं। योग विशेषज्ञों के निर्देशन में प्रतिभागी शारीरिक संतुलन, मानसिक एकाग्रता और लचीलेपन को बढ़ाने वाले अभ्यास कर रहे हैं। साथ ही खिलाड़ियों को प्रशिक्षण के बाद पौष्टिक आहार भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

शिविर के सफल संचालन में समन्वयक डॉ. एस.एम. पारीक, शिविर संयोजक प्रो. सरीना कालिया तथा शिविर प्रभारी राजेंद्र चौधरी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि यह प्रशिक्षण शिविर खिलाड़ियों को भविष्य की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण साबित होगा तथा प्रदेश को नई खेल प्रतिभाएं प्रदान करेगा।

Previous Post Next Post