राजस्थान विश्वविद्यालय के समर कैंप में खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

 





जयपुर, 19 जून। राजस्थान विश्वविद्यालय के खेल मंडल एवं शारीरिक शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर के 19वें दिन विश्वविद्यालय परिसर में विशेष सामूहिक योगाभ्यास सत्र का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न खेल विधाओं के खिलाड़ी और प्रशिक्षक एक साथ योग करते नजर आए।

खेल मंडल की सचिव एवं शिविर निदेशक डॉ. प्रतिभा सिंह रत्नू ने बताया कि दिन की शुरुआत सामूहिक योगाभ्यास से की गई, जिसमें शिविर से जुड़े सभी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने प्राणायाम, सूर्य नमस्कार और विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया।



उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास खिलाड़ियों की मानसिक एकाग्रता, शारीरिक क्षमता और लचीलेपन को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यही कारण है कि शिविर में खेल प्रशिक्षण के साथ-साथ योग को भी विशेष महत्व दिया जा रहा है, ताकि खिलाड़ियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सके।

सामूहिक योग सत्र के समापन के बाद खिलाड़ियों को पौष्टिक आहार वितरित किया गया। शिविर में भाग ले रहे खिलाड़ियों ने योग सत्र को लाभदायक बताते हुए कहा कि इससे उन्हें मानसिक शांति और ऊर्जा प्राप्त होती है, जो खेल प्रदर्शन को बेहतर बनाने में सहायक है।

शिविर के सफल संचालन में समन्वयक डॉ. एस.एम. पारीक, शिविर संयोजक प्रो. सरीना कालिया तथा शिविर प्रभारी राजेंद्र चौधरी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि खेल प्रशिक्षण के साथ योग को शामिल करने से खिलाड़ियों के प्रदर्शन और व्यक्तित्व विकास में सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहे हैं।

Previous Post Next Post