जयपुर को मॉडल सिटी बनाने की दिशा में मिशन मोड पर काम करें : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

 



जयपुर, 14 जून। ने कहा कि जयपुर के सुव्यवस्थित विकास, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राजधानी को देश के अग्रणी और मॉडल शहरों की श्रेणी में स्थापित किया जाए। इसके लिए संबंधित विभाग समन्वित कार्ययोजना के साथ मिशन मोड पर कार्य करें।

रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने जयपुर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कचरा संग्रहण, परिवहन और वैज्ञानिक निस्तारण की बेहतर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने खुले में कचरा फेंकने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा स्वच्छता व्यवस्था को अनुशासित और जवाबदेह बनाने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व भी है। इसलिए जनभागीदारी बढ़ाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाए जाएं तथा सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और भामाशाहों को भी इस अभियान से जोड़ा जाए। उन्होंने आधुनिक तकनीकों को अपनाने पर बल देते हुए मशीनीकृत सफाई व्यवस्था को बढ़ावा देने और मैनुअल व्यवस्था पर निर्भरता कम करने के निर्देश दिए।



मानसून तैयारियों पर विशेष फोकस

मुख्यमंत्री ने मानसून को देखते हुए नालों की सफाई समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जलभराव संभावित क्षेत्रों की विशेष निगरानी कर सुचारू जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि बारिश के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर जयपुर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित स्वरूप देने के निर्देश दिए। इसके लिए पर्याप्त संख्या में डस्टबिन उपलब्ध कराने और कचरा निस्तारण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया।

पर्यटन अनुकूल बने राजधानी

मुख्यमंत्री ने कहा कि जयपुर केवल प्रदेश की राजधानी ही नहीं बल्कि राजस्थान की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और पर्यटन पहचान का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने पर्यटन स्थलों, प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों को विशेष रूप से स्वच्छ, आकर्षक और पर्यटन अनुकूल बनाने के निर्देश दिए, जिससे जयपुर की वैश्विक पहचान और मजबूत हो सके।

बनेगी ‘मॉडल रोड’

राजधानी के सौंदर्यीकरण को नई दिशा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने शहर की एक प्रमुख सड़क को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में ‘मॉडल रोड’ विकसित करने के निर्देश दिए। इस सड़क पर स्वच्छता, हरियाली, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पैदल यात्री सुविधाएं और अन्य नागरिक सुविधाओं के उच्च मानक विकसित किए जाएंगे। परियोजना की सफलता के बाद इसी मॉडल को अन्य प्रमुख मार्गों पर भी लागू किया जाएगा।

बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा राजधानी में चल रहे विकास कार्यों और आगामी योजनाओं का प्रस्तुतीकरण दिया गया। मुख्यमंत्री ने सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्यमंत्री कार्यालय, शहरी विकास विभाग, जयपुर विकास प्राधिकरण, राजस्थान आवासन मंडल, जयपुर नगर निगम तथा जिला प्रशासन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post