'फ्यूजन 2026' में छाया डांस का जादू, पत्रकार कॉलोनी के युवा कलाकारों ने बिखेरा रंग

 


जयपुर। कला और नृत्य के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके बस्कर्स इंस्टीट्यूट ऑफ आर्ट एंड डांस द्वारा रविवार शाम राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में वार्षिक डांस फेस्टिवल “फ्यूजन 2026” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जयपुर की विभिन्न शाखाओं से आए करीब 400 विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कई महीनों की मेहनत और प्रशिक्षण के बाद प्रतिभागियों ने बॉलीवुड, हिप-हॉप, जैज़, कंटेम्पररी और फ्यूजन सहित विभिन्न नृत्य शैलियों की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान दर्शकों का उत्साह देखते ही बना।

विशेष आकर्षण पत्रकार कॉलोनी के युवा डांसर्स की प्रस्तुति रही। उन्होंने "डिस्को दीवाने", "कोई कहे कहता रहे" और "जनाबे आली" जैसे लोकप्रिय गीतों पर आधारित शानदार फ्यूजन डांस पेश कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। ऊर्जा, तालमेल और अभिव्यक्ति से भरपूर इस प्रस्तुति को उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा।






पत्रकार कॉलोनी समूह की प्रस्तुति की कोरियोग्राफी प्रशिक्षक एजाज आलम ने की, जिनके निर्देशन में युवा कलाकारों ने मंच पर अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया। कार्यक्रम ने एक बार फिर युवा प्रतिभाओं को अपनी कला दिखाने का सशक्त मंच प्रदान किया।

Previous Post Next Post