जयपुर। राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन की कोर कमेटी की बैठक में नर्सिंग कर्मियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए नर्सिंग अलाउंस एवं हार्ड ड्यूटी अलाउंस की मांग प्रमुखता से उठाई गई। बैठक का आयोजन किशन गुप्ता एवं संयोजक अशफाक नकवी की अध्यक्षता में किया गया।
बैठक में नर्सेज की बहादुरी, सेवा भावना और स्वास्थ्य सेवाओं में उनके योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से अभिनेत्री एवं सांसद द्वारा बनाई गई फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ के लिए आभार व्यक्त किया गया।
राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष तथा नर्सेज नेता ने कहा कि नर्सेज का वास्तविक सम्मान तब होगा, जब सरकार उनकी लंबे समय से लंबित मांगों को पूरा करेगी। उन्होंने राज्य सरकार से नर्सिंग अलाउंस और हार्ड ड्यूटी अलाउंस को शीघ्र लागू करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि नर्सिंगकर्मी विपरीत एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी लगातार सेवाएं देते हैं। ऐसे में उनकी कार्य परिस्थितियों और जिम्मेदारियों को देखते हुए विशेष भत्तों का प्रावधान किया जाना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री नर्सिंग कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर उनका मनोबल बढ़ाएंगे।
कोर कमेटी के सदस्यों ने कहा कि नर्सिंग कर्मी स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके हितों की रक्षा के लिए संगठन आगे भी संघर्ष और संवाद जारी रखेगा।
