जयपुर में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, बेंगलुरु पुलिस की महिला एसआई सहित तीन पुलिसकर्मी रिश्वत लेते गिरफ्तार दहेज प्रकरण में केस हल्का करने और आरोपों से बरी करने के नाम पर 2 लाख रुपए की मांग, 40 हजार रुपए लेते रंगे हाथों पकड़े गए आरोपी

 


जयपुर, 14 जून। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की जयपुर नगर-प्रथम इकाई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित एचएएल पुलिस थाने की उप निरीक्षक सहित तीन पुलिसकर्मियों को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपियों को जयपुर के Hotel Gangaur में 40 हजार रुपए की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।

एसीबी के अनुसार परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसकी पुत्रवधु द्वारा बेंगलुरु के एचएएल थाने में दर्ज दहेज प्रताड़ना के मामले में जांच कर रही पुलिस टीम उससे और उसके परिवार को मामले में राहत देने तथा आरोपों से बरी करने के बदले 2 लाख रुपए की रिश्वत मांग रही है।




शिकायत के सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर एसीबी ने जाल बिछाया। रविवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपी हैड कांस्टेबल को 40 हजार रुपए की रिश्वत राशि लेते हुए गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ के दौरान मामले में महिला उप निरीक्षक अनीथा के. तथा हैड कांस्टेबल की संलिप्तता पाए जाने पर उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया।

यह कार्रवाई पुलिस उपमहानिरीक्षक के सुपरविजन में की गई। एसीबी ने आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

एसीबी अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

Previous Post Next Post