*
जयपुर, 16 जून। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के सुशासन के संकल्प और जीरो पेंडेंसी की नीति को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से स्कूल शिक्षा विभाग लगातार कार्य कर रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद की आयुक्त एवं राज्य परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा अभियान डॉ. रश्मि शर्मा ने शासन सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क पोर्टल 181 हेल्पलाइन अनुभाग का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिवादियों से स्थानीय भाषा में संवाद करते हुए आत्मीयता का परिचय दिया और विभाग से संबंधित आमजन की शिकायतों, उनके निवारण की स्थिति और आम नागरिकों से प्राप्त फीडबैकउनकी शिकायतों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। साथ ही विद्यालय व्यवस्थाओं, टीसी व अंकतालिका संबंधी प्रकरणों का मौके पर ही विश्लेषण किया।
डैशबोर्ड के आंकड़ों के अनुसार प्राप्त कुल 3,563 शिकायतों में से 3,327 शिकायतों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया जा चुका है। विभाग ने तत्परता से कार्य करते हुए कुल पंजीकृत मामलों में से 93 प्रतिशत से अधिक मामलों का निस्तारण सुनिश्चित किया है ।
राज्य परियोजना निदेशक ने महिला सशक्तिकरण, समावेशी शिक्षा एवं छात्र हितों को प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों को भयमुक्त, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बुनियादी ढांचागत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण, पेयजल की समुचित उपलब्धता तथा समयबद्ध दस्तावेजीकरण विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
उन्होंने अधिकारियों को कहा कि राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज होने वाली शिकायतों का न केवल समय सीमा के भीतर निस्तारण किया जाए, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया जाए कि परिवादी दी गई राहत से पूरी तरह संतुष्ट हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई और त्वरित शिकायत निवारण तंत्र को और अधिक मजबूत बनाकर ही हम विकसित राजस्थान@2047 के लक्ष्यों को प्राप्त कर सकते हैं। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त राज्य परियोजना निदेशक श्री अशोक कुमार मीणा सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं आईटी विंग के तकनीकी विशेषज्ञ उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए सभी विभागों के सचिव निर्धारित तिथियों पर राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन 181 कंट्रोल रूम में उपस्थित होकर परिवादियों से सीधे संवाद कर रहे हैं। इस पहल के माध्यम से नागरिक घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज कर शीघ्र समाधान प्राप्त कर रहे हैं।