जयपुर। राजस्थान गुर्जर महासभा युवा प्रकोष्ठ ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के हितों से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष गौरव गुर्जर के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में ईडब्ल्यूएस वर्ग की लंबित समस्याओं के समाधान की मांग की गई।
ज्ञापन में वर्ष 2010 में राजस्थान सरकार द्वारा गुर्जर सहित पांच जातियों को विशेष आरक्षण देने तथा देवनारायण बोर्ड के गठन के निर्णयों का उल्लेख करते हुए नाग पहाड़, देवनारायण, माली, रेबारी, बंजारा और रायका समाज के विद्यार्थियों एवं युवाओं के हित में प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही ईडब्ल्यूएस वर्ग के कल्याण के लिए गठित देवनारायण बोर्ड को सशक्त बनाने और समाज की विभिन्न मांगों को शीघ्र पूरा करने की बात कही गई।
संगठन ने मांग की कि ईडब्ल्यूएस वर्ग के वर्ष 2017 से रिक्त पड़े 1252 पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी कर वरिष्ठता का लाभ दिया जाए। इसके अलावा वर्ष 2018 के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) आरक्षण को नियमित रूप से लागू करने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने की मांग भी उठाई गई।
ज्ञापन में विद्यार्थियों को आरक्षण एवं भर्ती संबंधी समस्याओं से राहत देने, वर्गीकरण से जुड़ी विसंगतियों को दूर करने तथा सरकार द्वारा गठित मंत्रिस्तरीय समिति के माध्यम से समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने की मांग की गई।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष गौरव गुर्जर, प्रदेश महामंत्री युधिष्ठिर खटाना, जयपुर शहर जिला अध्यक्ष मुकेश पैंतवाल सहित संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

