जयपुर। वीरता, स्वाभिमान, त्याग और राष्ट्रभक्ति के अमर प्रतीक वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के उपलक्ष्य में महाराणा प्रताप फाउंडेशन द्वारा 17 जून को जयपुर के विद्याधर ऑडिटोरियम में भव्य ‘हल्दीघाटी विजयोल्लास’ समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि प्रदेश के कई मंत्री, सांसद, विधायक एवं गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहेंगे।
मंगलवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में कार्यक्रम संयोजक प्रेम सिंह बनवाता ने बताया कि महाराणा प्रताप फाउंडेशन पिछले कई वर्षों से महाराणा प्रताप के गौरवशाली इतिहास, वीरता और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है। संस्था का उद्देश्य केवल इतिहास का स्मरण कराना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान, त्याग, साहस और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता पैदा करना भी है।
उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप भारतीय इतिहास के ऐसे महानायक हैं जिन्होंने जीवनभर संघर्ष का मार्ग अपनाया, लेकिन कभी भी अपने स्वाभिमान और मातृभूमि के सम्मान से समझौता नहीं किया। उनका जीवन आज भी युवाओं को विपरीत परिस्थितियों में धैर्य, साहस और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, पूर्व मंत्री एवं पूर्व सांसद डॉ. महेश जोशी, राज्यवर्धन सिंह राठौड़, विधायक गोपाल शर्मा, बालमुकुंद आचार्य, महेंद्रपाल मीणा सहित कई जनप्रतिनिधि और विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे।
प्रेम सिंह बनवाता ने बताया कि इस वर्ष हल्दीघाटी युद्ध के 450 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर समारोह को विशेष स्वरूप दिया गया है। इस दौरान महाराणा प्रताप के जीवन, संघर्ष, शौर्य और बलिदान पर आधारित एक विशेष फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें उनके राष्ट्र समर्पण और अदम्य साहस को दर्शाया जाएगा।
समारोह में देश के ख्यातनाम वीर रस के कवि अपनी ओजस्वी कविताओं के माध्यम से महाराणा प्रताप की वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का गुणगान करेंगे। इसके अलावा एक प्रतिभाशाली बालिका द्वारा महाराणा प्रताप को समर्पित गीत की प्रस्तुति भी दी जाएगी, जो कार्यक्रम का विशेष आकर्षण होगी। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए महाराणा प्रताप के जीवन से जुड़े प्रेरणादायक प्रसंगों को मंच पर जीवंत किया जाएगा।
फाउंडेशन द्वारा समय-समय पर आयोजित संगोष्ठियों, व्याख्यानों, युवा एवं बाल प्रतियोगिताओं तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से महाराणा प्रताप के आदर्शों के प्रचार-प्रसार का कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।
महाराणा प्रताप फाउंडेशन ने जयपुर सहित प्रदेशभर के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेकर वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप को श्रद्धांजलि अर्पित करने और समारोह की गरिमा बढ़ाने की अपील की है।
