खेजड़ली से शुरू होगा 31 हजार खेजड़ी पौधों का महाअभियान, पर्यावरण संरक्षण को मिलेगा जनआंदोलन का स्वरूप : बहादुर सिंह चौहान

 


जयपुर। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन संवर्धन परिषद इकाई (भारत) के राजस्थान राज्य चेयरमैन बहादुर सिंह चौहान ने प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण को लेकर व्यापक कार्ययोजना की घोषणा करते हुए कहा कि जोधपुर जिले के ऐतिहासिक खेजड़ली ग्राम से 31 हजार खेजड़ी के पौधे लगाकर राज्यव्यापी अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

जयपुर के जेएलएन मार्ग स्थित होटल ग्रैंड उनियारा में आयोजित अपनी पहली प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए चौहान ने कहा कि परिषद द्वारा राजस्थान भर में पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन के प्रति जनजागरण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य आमजन की भागीदारी बढ़ाकर प्रकृति संरक्षण को सामाजिक जिम्मेदारी बनाना है।





उन्होंने बताया कि राजस्थान के राजकीय वृक्ष खेजड़ी के संरक्षण और संवर्धन को परिषद ने अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया है। इसी कड़ी में खेजड़ली ग्राम से 31 हजार खेजड़ी पौधों के रोपण का अभियान शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खेजड़ी केवल एक वृक्ष नहीं, बल्कि राजस्थान की सांस्कृतिक और पर्यावरणीय पहचान है, जो मरुस्थलीय क्षेत्रों में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, भूमि की उर्वरता बढ़ाने और पशुधन के लिए चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

बहादुर सिंह चौहान ने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक खेजड़ी के पौधे लगाने और उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि समाज संगठित होकर खेजड़ी संरक्षण का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में बड़ा परिवर्तन संभव है।


उन्होंने बताया कि परिषद आगामी समय में पूरे प्रदेश में वृक्षारोपण अभियान, जल संरक्षण कार्यक्रम, पर्यावरण जागरूकता शिविर, स्कूल-कॉलेजों में जनचेतना अभियान तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों का आयोजन करेगी। साथ ही प्रत्येक जिले में संगठन का विस्तार कर स्थानीय स्तर पर सक्रिय पर्यावरण संरक्षण टीमों का गठन किया जाएगा।

प्रेस वार्ता के दौरान चौहान ने परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल द्विवेदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और विश्वास के बल पर राजस्थान में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में प्रभावी कार्य किए जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि परिषद पर्यावरण संरक्षण के राष्ट्रीय संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और हरित राजस्थान के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Previous Post Next Post