आबूराज/जयपुर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सिरोही जिले के आबूराज में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने योगाभ्यास करते हुए कहा कि योग आज मानव कल्याण का वैश्विक माध्यम बन चुका है और कर्मयोग से जुड़कर व्यक्ति, समाज तथा राष्ट्र के विकास की शक्ति को कई गुना बढ़ा रहा है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आमजन के साथ योग किया तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कोलकाता से दिए गए संबोधन को भी सुना।
नक्की झील के मनोरम किनारे आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अरावली पर्वतमाला की गोद में स्थित आबूराज अध्यात्म, संस्कृति और प्रकृति का अद्भुत संगम है। यहां का शांत वातावरण, निर्मल वायु और हरियाली योग की मूल भावना को साकार करती है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा को जोड़ने वाली जीवन पद्धति है, जो पूरे विश्व को एक सूत्र में बांधने का कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों और वैश्विक कूटनीति के कारण योग को संयुक्त राष्ट्र से अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली। वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में प्रधानमंत्री द्वारा योग का प्रस्ताव रखने के बाद 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत हुई, जो भारत की सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक शक्ति और वैश्विक नेतृत्व का प्रतीक है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम "स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग" रखी गई है, जिसका उद्देश्य बुजुर्गों को शारीरिक रूप से सक्रिय, मानसिक रूप से संतुलित और भावनात्मक रूप से सशक्त बनाना है। योग हर आयु वर्ग के लिए स्वास्थ्य और संतुलन का प्रभावी माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 21 जून 2015 को पहले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रधानमंत्री के साथ 35,985 लोगों ने एक साथ योग कर विश्व रिकॉर्ड बनाया था। वहीं राजस्थान ने भी योग के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान स्थापित की है। वर्ष 2018 में कोटा में एक लाख पांच हजार से अधिक लोगों ने सामूहिक योग कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था। साथ ही वर्ष 2025 में योग संगम पोर्टल पर 85 लाख से अधिक पंजीकरण के साथ राजस्थान देश में प्रथम स्थान पर रहा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को मन की स्थिरता, आत्मविकास, कर्तव्यनिष्ठा तथा समाज और विश्व में शांति, आनंद एवं स्वास्थ्य संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने सफेद गुब्बारे उड़ाकर विश्व शांति और "निरोगी राजस्थान" का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर पंचायतीराज राज्य मंत्री ओटा राम देवासी, उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री केके विश्नोई, सांसद मदन राठौड़, लुम्बाराम चौधरी, विधायक समाराम, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।