जयपुर। शिल्पी फाउंडेशन, जयपुर की ओर से फादर्स डे के अवसर पर होटल ग्रैंड सफारी, गोपालपुर में "सपनों की उड़ान है पिता" थीम पर विशेष समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में पिता के त्याग, समर्पण, संघर्ष और प्रेरणादायी भूमिका को सम्मान देना रहा।
संस्थान के संरक्षक संजय पुरोहित ने बताया कि समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशिष्ट पिताओं को "फादर्स लिगेसी अवॉर्ड 2026" से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में धर्मेंद्र छाबड़ा, रिज़वान एजाजी, डॉ. हरि जे. मंगलानी, अरुण किमटकर, रामनिवास चौधरी, सुरेंद्र पाल सिंह कुमावत, विजय सिंह, एच.पी. गौर, डॉ. अखिल शुक्ला, ऋत्विज गौर, डॉ. मुकेश कल्ला, विमल यादव सहित अन्य शामिल रहे।
कार्यक्रम संयोजिका शिल्पी अग्रवाल ने बताया कि समारोह में डॉ. अर्चना शर्मा, डॉ. सुनील शर्मा, समाजसेवी पवन गोयल, आरएएस पंकज ओझा एवं आरएएस मुक्तिका अहसकर ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि पिता परिवार की वह मजबूत नींव हैं, जिनके संस्कार, मार्गदर्शन और संघर्ष बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बनते हैं।
सम्मान समारोह के साथ कार्यक्रम में नृत्य, गायन, कविता पाठ और स्टोरी टेलिंग जैसी सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का मन मोह लिया। इन प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को भावनात्मक और प्रेरणादायी बना दिया।
शिल्पी फाउंडेशन की संस्थापक शिल्पी अग्रवाल ने सभी अतिथियों, सम्मानित पिताओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिता केवल परिवार के मुखिया नहीं, बल्कि अपने बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने वाले सबसे बड़े प्रेरणास्रोत होते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में पिता के योगदान को सम्मानित करने का प्रयास जारी रहेगा।
कार्यक्रम का समापन सभी सम्मानित अतिथियों एवं प्रतिभागियों के सामूहिक स्मृति-चित्र और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
Tags
Jaipur

























