जयपुर, 20 जून। RCWS की ओर से 21 जून को जयपुर के आरआईसी (RIC) स्थित मल्टीपरपज हॉल में मैंगो फेस्टिवल 2026 का आयोजन किया जाएगा। शाम 4 बजे से शुरू होने वाले इस विशेष आयोजन में आम की 20 दुर्लभ एवं लोकप्रिय प्रजातियों का प्रदर्शन किया जाएगा, जिनमें लाल मुनीर, गुलाब खास, हिमसागर, रसोल और बनाना आम प्रमुख हैं।
फेस्टिवल की आयोजक संयोगिता राठौर ने बताया कि कार्यक्रम में छोटे उद्योगों से जुड़ी महिलाओं को विशेष प्राथमिकता देते हुए उनके स्टॉल लगाए जाएंगे, जिससे उन्हें अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने और नए अवसर प्राप्त करने का मंच मिलेगा। इसके साथ ही स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर चर्चा एवं संवाद सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में योगाचार्य श्री ढाकाराम सापकोटा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। RCWS द्वारा आयोजित यह फेस्टिवल आम, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण का अनूठा संगम साबित होगा।
उल्लेखनीय है कि फेस्टिवल के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन योगाचार्य श्री ढाकाराम सापकोटा द्वारा किया गया। इस अवसर पर सह-आयोजक दीपम शर्मा, कविता कुड़ीवाल और शगुन दलवी भी उपस्थित रहे।
