जयपुर, 20 जून। विश्व योग दिवस की पूर्व संध्या पर अल्बर्ट हॉल, रामनिवास बाग में WORK Rajasthan Chapter द्वारा आयोजित "योग के माध्यम से भारत विश्वगुरु" विषयक योग समारोह में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
WORK राजस्थान के प्रवक्ता सैयद असगर अली ने बताया कि WORK (World Organization of Religion & Knowledge) समाज में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, सर्वधर्म सद्भाव एवं मानव सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है।मानव सेवा की पराकाष्ठा है कि वर्क के अधिकतम सदस्यों ने अंगदान कर दिए हैं संकल्प लिया हुआ है।योग समारोह का उद्देश्य स्वस्थ एवं समरस समाज का निर्माण करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ योग गुरु डॉ. मसूद इकबाल द्वारा प्रार्थना के साथ किया गया। इसके पश्चात उन्होंने उपस्थित लोगों को ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, अनुलोम-विलोम एवं कपालभाति सहित विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवन का आधार है तथा भारत की प्राचीन विरासत को विश्वभर में सम्मान दिला रहा है।
WORK राजस्थान हेड लाइक हसन ने कहा कि योग समाज को जोड़ने और स्वस्थ राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है। सभी नागरिकों को योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।
इस अवसर पर उपस्थित देवकीनंदन जी महाराज ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की आत्मा है, जो मनुष्य को आत्मिक शांति और मानवता की सेवा का मार्ग दिखाता है।
राधे-राधे बाबा ने कहा कि योग व्यक्ति को अनुशासन, संयम और सकारात्मक सोच प्रदान करता है तथा समाज को जोड़ने का कार्य करता है।
रानी खातून ने कहा कि महिलाओं एवं युवाओं के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग अत्यंत आवश्यक है तथा परिवार में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है।
महता राम काला ने कहा कि योग सामाजिक समरसता और भाईचारे को मजबूत करता है तथा सभी वर्गों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देता है।
आचार्य श्री ने कहा कि योग तनावमुक्त जीवन का सरल उपाय है और वर्तमान समय में इसकी उपयोगिता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है।
आलिया रहमान ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन जीने की कला है, जिसे प्रत्येक व्यक्ति को अपनाना चाहिए।
वक्ताओं ने कहा कि योग किसी धर्म विशेष का नहीं, बल्कि सम्पूर्ण मानवता के कल्याण का माध्यम है। मुस्लिम समाज की सक्रिय भागीदारी ने यह संदेश दिया कि राष्ट्रहित, स्वास्थ्य और सामाजिक सद्भाव के लिए सभी समुदाय एकजुट हैं।
कार्यक्रम में लाइक हसन, एच.आर. खान, रानी खातून, आलिया खान, ज़िया उर रहमान, लुबैना फिरदौस, यूसुफ खान सहित अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं योग प्रेमी उपस्थित रहे।