जयपुर, 14 जून। ने कहा है कि राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन को घर के निकट त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में आने वाले विभिन्न योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं से जुड़े प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का संवेदनशीलता के साथ समाधान कर घर-घर सुशासन पहुंचाने के संकल्प को साकार किया जाए।
मुख्यमंत्री ने रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिला कलक्टर्स को शिविरों के आयोजन और उपलब्ध सेवाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा कार्मिकों की नियमित उपस्थिति एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य प्रणाली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आमजन को राहत पहुंचाकर इन शिविरों को सेवा और समाधान का महाभियान बनाया जाए। साथ ही सभी संबंधित विभागों और जिला प्रशासन को शिविरों के प्रभावी क्रियान्वयन एवं सतत मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी गंभीरता से निभाने के लिए कहा। मुख्यमंत्री ने जिला प्रभारी सचिवों और संभागीय आयुक्तों को शिविरों का नियमित निरीक्षण करने तथा जिला कलक्टर्स को विशेष टीम गठित कर औचक निरीक्षण करवाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने बिजली, पानी और चिकित्सा जैसी बुनियादी जरूरतों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए ताकि अधिक से अधिक नागरिक लाभान्वित हो सकें। उन्होंने 181 हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त जिलावार शिकायतों के त्वरित समाधान पर भी जोर दिया। साथ ही मानसून से पहले जलभराव की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा।
श्री शर्मा ने शिविरों में प्राप्त अतिक्रमण संबंधी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शिविरों में लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के खिलाफ जिला प्रशासन सख्त कार्रवाई करे। इसके अलावा विशेष रियायतों से जुड़े सभी प्रकरणों का व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार करने और लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने लाभान्वित नागरिकों की सफलता की कहानियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर बल देते हुए कहा कि इससे अन्य लोगों को भी शिविरों का लाभ लेने के लिए प्रेरणा मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार द्वारा अंत्योदय एवं जनसेवा के संकल्प को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से 12 जून से 15 जुलाई तक प्रदेशभर में ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में एक ही छत के नीचे विभिन्न सरकारी योजनाओं, नागरिक सुविधाओं और विशेष रियायतों का लाभ आमजन को उपलब्ध कराया जा रहा है।
बैठक में मुख्य सचिव सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि सभी जिला कलक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।


