जयपुर। सवाई मानसिंह स्टेडियम स्थित टेबल टेनिस हॉल में आयोजित दो दिवसीय जयपुर जिला रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप का रविवार को शानदार समापन हुआ। प्रतियोगिता में एसएमएस के उभरते खिलाड़ी नैतिकवीर यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-17 वर्ग का गोल्ड मेडल अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में उन्होंने युवान बाकलीवाल को सीधे सेटों में 3-0 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया।
नैतिकवीर ने केवल जूनियर वर्ग में ही नहीं, बल्कि सीनियर पुरुष वर्ग में भी उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने जयपुर की प्रतिष्ठित टेबल टेनिस प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता में एसएमएस के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला।
समापन समारोह में सृष्टि फाउंडेशन के विवेक शर्मा मुख्य अतिथि रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रतियोगिता के ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी एवं वरिष्ठ कोच श्रीकृष्ण चौधरी ने की। विशिष्ट अतिथियों में सचित गुप्ता, श्रीकृष्ण माहेश्वरी, राहुल साहनी, सचिन सोगानी, रोहित जैन, राहुल महावर, राजीव अग्रवाल और दीपक कपूर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
अपनी सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए नैतिकवीर यादव ने इसका श्रेय अपने चीफ कोच श्रीकृष्ण चौधरी तथा माता-पिता अंजू यादव और पूर्व टेबल टेनिस खिलाड़ी विक्रम यादव पुरुषार्थी के मार्गदर्शन और सहयोग को दिया।
मुख्य अतिथि विवेक शर्मा ने कहा कि सृष्टि फाउंडेशन राजस्थान में टेबल टेनिस के विकास और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर सहयोग करती रहेगी। वहीं वरिष्ठ कोच श्रीकृष्ण चौधरी ने कहा कि राजस्थान सरकार के सहयोग से राज्य में टेबल टेनिस को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के प्रयास लगातार जारी हैं।
पूर्व टेबल टेनिस खिलाड़ी एवं युवा भाजपा नेता विक्रम यादव पुरुषार्थी तथा अंजू यादव ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने पराजित खिलाड़ियों को भी निराश न होकर निरंतर मेहनत जारी रखने का संदेश दिया और उम्मीद जताई कि वर्ष 2028 ओलंपिक में राजस्थान का कोई खिलाड़ी भारतीय टेबल टेनिस टीम का हिस्सा बनेगा।
इस अवसर पर प्रदीप रावत, नागेन्द्र सिंह, रवि रामचंदानी, रवि शर्मा, दीपक सोनी, कोच मोहित वर्मा सहित अनेक खेल प्रेमी और खिलाड़ी उपस्थित रहे।

