भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने मीडिया एवं संचार अधिकारियों के लिए एक दिवसीय सम्मेलन आयोजित किया, जिसमें सभी 36 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के मीडिया नोडल अधिकारी (MNOs) और सोशल मीडिया नोडल अधिकारी (SMNOs) शामिल हुए। इसके साथ ही उन राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के जिला मीडिया नोडल अधिकारी/जिला जनसंपर्क अधिकारी (District PROs) भी सम्मेलन में शामिल हुए, जहाँ विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision) के तृतीय चरण की प्रक्रिया चल रही है तथा जिन राज्यों में आगामी चुनाव होने वाले हैं।
इस कार्यक्रम में 350 से अधिक मीडिया एवं संचार अधिकारियों, जिनमें मीडिया नोडल अधिकारी (MNOs), सोशल मीडिया नोडल अधिकारी (SMNOs) तथा जिला मीडिया नोडल अधिकारी/जिला जनसंपर्क अधिकारी शामिल थे, ने भाग लिया।
सम्मेलन में ज्ञानेश कुमार, डॉ. सुखबीर सिंह संधू तथा डॉ. विवेक जोशी ने प्रतिभागियों को संबोधित किया।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि हाल ही में पाँच राज्यों में सम्पन्न हुए चुनावों में स्वतंत्रता के बाद से अभूतपूर्व स्तर पर जनभागीदारी देखने को मिली। उन्होंने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि उनकी संचार प्रक्रिया समयबद्ध, सरल, तथ्यपरक तथा कानून आधारित हो।
अपने संबोधन में निर्वाचन आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू ने कहा कि संचार का केंद्र केवल गतिविधियों (Input) पर नहीं, बल्कि उनके प्रभाव (Impact) पर होना चाहिए। वहीं निर्वाचन आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने कहा कि अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका यह सुनिश्चित करना है कि आयोग के नियम, निर्देश और दिशानिर्देश जनता तक सरल और आसानी से समझ में आने वाले स्वरूप में पहुँचें।
सम्मेलन की शुरुआत निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों में अपनाई जाने वाली संचार रणनीतियों के व्यापक अवलोकन से हुई। इसमें मतदाता सूची से लेकर मतदान तक की प्रक्रिया, ECINET, महत्वपूर्ण संवैधानिक प्रावधान, कानून, तथा हाल के सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों और उनके मीडिया से संबंध पर चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त प्रेस विज्ञप्तियों की योजना बनाने और उन्हें मीडिया एवं सोशल मीडिया के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रसारित करने, भ्रामक सूचनाओं (Misinformation) एवं दुष्प्रचार से निपटने, मतदाता जागरूकता क्लबों (ELCs) के माध्यम से युवा मतदाताओं को जोड़ने तथा निर्वाचन आयोग की पहलों को जनता तक पहुँचाने पर व्यावहारिक सत्र आयोजित किए गए।
इस एक दिवसीय सम्मेलन ने हाल ही में चुनाव सम्पन्न कराने वाले राज्यों के अधिकारियों को अपने अनुभव साझा करने तथा श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों (Best Practices) के आदान-प्रदान का अवसर प्रदान किया।
विभिन्न सत्रों के बाद प्रतिभागियों और आयोग के बीच प्रश्नोत्तर (Q&A) सत्र भी आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने की