जयपुर।
केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण को समर्पित 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जयपुर स्थित सूचना केंद्र में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रदर्शनी का उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने शुक्रवार को अवलोकन किया।
प्रदर्शनी में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा ऐतिहासिक उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने विभिन्न प्रदर्शनी स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
प्रदर्शनी के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और राजस्थान में हुए व्यापक विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, आधारभूत संरचना के विस्तार, डिजिटल नवाचार तथा विकसित भारत @2047 के लक्ष्य की दिशा में किए गए उल्लेखनीय कार्यों से आमजन को अवगत कराया जा रहा है।
कार्यक्रम में जयपुर कलेक्टर संदेश नायक, विभिन्न विभागों के अधिकारीगण एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। प्रदर्शनी आगामी तीन दिनों तक आमजन के लिए खुली रहेगी, जहां लोग सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।