जयपुर 20 जून। राजस्थान को नशामुक्त बनाने और ड्रग माफियाओं की कमर तोड़ने के लिए गठित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने प्रदेश में एक ही दिन में चार बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक कर कार्रवाइयों का चौका मारा है। महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के महत्वपूर्ण मार्गदर्शन और दिशा-निर्देशों के तहत एएनटीएफ की टीमों ने जालोर, ब्यावर और जयपुर जिलों में स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर नशा तस्करों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इन ताबड़तोड़ कार्रवाइयों में भारी मात्रा में अवैध अफीम, स्मैक, गांजा और नशे की कमाई से अर्जित नकदी जब्त कर कुल 5 आरोपियों को दस्तयाब किया गया है।
*भीनमाल में रसोई के भीतर से 938 ग्राम अफीम जब्त*
एएनटीएफ महानिरीक्षक पुलिस श्री विकास कुमार ने बताया कि पहली बड़ी कार्रवाई जालोर जिले के भीनमाल थाना क्षेत्र में अंजाम दी गई। टास्क फोर्स को पुख्ता इनपुट मिला था कि जेरण गांव में एक तस्कर अपने घर में अफीम की खरीद-फरोख्त कर रहा है। एएनटीएफ ने स्थानीय भीनमाल पुलिस को साथ लेकर जेरण गांव में जुठाराम देवासी (48 वर्ष) के रहवासीय मकान पर अचानक छापा मारा। पुलिस जाब्ते को अचानक सामने देख आरोपी बुरी तरह घबरा गया। जब मकान की सघन तलाशी ली गई, तो रसोई घर के अंदर छुपाकर रखी गई 938 ग्राम अवैध निर्मित अफीम बरामद हुई। पुलिस ने अफीम जब्त कर आरोपी जुठाराम को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
*ब्यावर ने स्कूटी से स्मैक की डिलीवरी देने आए पति-पत्नी गिरफ्तार*
दूसरी कार्रवाई ब्यावर सिटी थाना क्षेत्र में हुई, जहां एएनटीएफ को कंचन पेट्रोल पंप के पास वाली गली में स्कूटी से स्मैक की सप्लाई होने की खुफिया सूचना मिली थी। टीम ने सादे वस्त्रों में गली के मुहाने पर जाल बिछाया। कुछ ही देर बाद हुलिए के अनुसार एक महिला और पुरुष स्कूटी पर आकर रुक गए और इधर-उधर देखने लगे। संदेहास्पद स्थिति पाते ही टीम ने तुरंत घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। ब्यावर सिटी थाना पुलिस को मौके पर बुलाकर जब स्कूटी की डिग्गी की तलाशी ली गई, तो उसमें से 24.88 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने स्मैक व स्कूटी जब्त कर सांसी बस्ती छावनी निवासी आरोपी दीपक कुमार (45) और उसकी पत्नी लक्ष्मी देवी (43) को गिरफ्तार कर लिया।
*जयपुर ग्रामीण में कॉलेज के पीछे पेड़ के नीचे बैठी तस्कर महिला दस्तयाब*
तीसरी कार्रवाई जयपुर के शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में पूर्णिमा कॉलेज के पीछे महात्मा गांधी पुलिया के पास झुग्गी-झोंपड़ियों में की गई। एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि कॉलेज के पीछे एक पेड़ के नीचे संदिग्ध सामान लेकर एक महिला बैठी है। शिवदासपुरा पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने जब मौके पर दबिश दी, तो महिला पुलिस को देखकर तेज कदमों से भागने लगी। महिला कॉन्स्टेबलों की मदद से उसे घेरकर डिटेन किया गया। तलाशी के दौरान महिला के पास से 335 ग्राम अवैध गांजा, 0.71 ग्राम स्मैक और मादक पदार्थों को बेचकर काली कमाई से अर्जित 21,500 रुपये की नगदी बरामद की गई। दस्तयाब की गई आरोपिया की पहचान टोंक निवासी शरबत देवी (55) पत्नी स्व. रामप्रसाद सांसी के रूप में हुई है।
*जयपुर शहर के नारायण विहार में जयशंकर कॉलोनी से महिला तस्कर काबू*
चौथी कार्रवाई जयपुर के ही नारायणविहार थाना इलाके की जयशंकर कॉलोनी न्यू सांगानेर रोड में हुई। यहां कॉलोनी में संदिग्ध हालत में खड़ी एक महिला ने जैसे ही पुलिस की गाड़ी को देखा, वह गली में तेज कदमों से भागने लगी। मुस्तैद टीम और नारायणविहार थाना पुलिस ने मुहाने पर घेराबंदी कर महिला को दबोच लिया। उसके पास मिले बैग की तलाशी में 142 ग्राम अवैध गांजा और नशा बेचकर कमाए गए 2,000 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी महिला लाली देवी (32) पत्नी नेमीचंद सांसी को दस्तयाब कर नशीला पदार्थ जब्त कर लिया।
महानिरीक्षक पुलिस श्री कुमार ने इस चौतरफा प्रहार को बेहद कामयाब बताते हुए इसमें शामिल एएनटीएफ की टीम, भीनमाल पुलिस जालोर, ब्यावर सिटी पुलिस, शिवदासपुरा व नारायणविहार पुलिस जयपुर की विशेष भूमिका की सराहना की है। उन्होंने घोषणा की है कि इस ऑपरेशन को अंजाम देने वाले समस्त अधिकारी व जवानों को एएनटीएफ मुख्यालय में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।
*एएनटीएफ की जनता से अपील: आपकी पहचान रहेगी पूरी तरह गुप्त*
आईजी विकास कुमार ने आमजन से अपील की है कि यदि उनके आस-पास कोई भी व्यक्ति नशा बेचता है या किसी भी तरह के अपराध में लिप्त है, तो उसकी सूचना तत्काल एएनटीएफ को कंट्रोल रूम नंबर 0141-2502877, व्हाट्सएप नंबर 9261225056 को दे।
पुलिस प्रशासन द्वारा सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूर्ण रूप से गोपनीय रखी जाएगी।
------------