प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

 


हेडिंग:
प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

टॉप बेंड:
"मोदी है तो मुमकिन है"— 25 करोड़ लोग गरीबी से उबरे, अंतिम पायदान तक पहुंचा विकास का लाभ

जयपुर, 13 जून 2026।
मुख्यमंत्री ने शनिवार को प्रधानमंत्री के सेवा, सुशासन और लोककल्याण को समर्पित 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मीडिया से संवाद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का कार्यकाल विश्वास, विकास और जनकल्याण का स्वर्णिम अध्याय रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने की ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है और उनके नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन और राष्ट्रीय गौरव के नए प्रतिमान स्थापित किए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश भ्रष्टाचार, महंगाई, आतंकवाद, नक्सलवाद और नीतिगत अव्यवस्था जैसी चुनौतियों से जूझ रहा था, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने दूरदर्शी नेतृत्व से देश को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास" के मंत्र के साथ सरकार ने समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीब कल्याण को शासन का केंद्र बनाया गया। करोड़ों लोगों को पक्के घर, बिजली, गैस कनेक्शन, शुद्ध पेयजल, शौचालय और बैंकिंग सुविधाओं का लाभ मिला। 80 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन और 60 करोड़ से अधिक गरीबों को आयुष्मान भारत के तहत पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर निकलने में सफल हुए हैं।



मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा शक्ति को देश की सबसे बड़ी पूंजी मानते हुए कौशल विकास, स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इकोनॉमी, खेल, नवाचार और उद्यमिता को नई गति दी गई। वहीं महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए उज्ज्वला योजना, मुद्रा योजना, पीएम आवास योजना और लखपति दीदी जैसी योजनाओं के माध्यम से व्यापक अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।

किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि, आधुनिक बीज और सिंचाई सुविधाओं जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के चार प्रमुख स्तंभों में किसान एक महत्वपूर्ण स्तंभ हैं।

राष्ट्रीय सुरक्षा के विषय में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों के जरिए भारत ने आतंकवाद को करारा जवाब दिया और दुनिया को अपनी शक्ति का परिचय कराया।

उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत अभियान के कारण भारत रक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल और फार्मा क्षेत्र में विनिर्माण और निर्यात के नए रिकॉर्ड स्थापित कर रहा है। भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से विकसित होती बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार की योजनाओं से राजस्थान को भी व्यापक लाभ मिला है। प्रदेश में लगभग 2 करोड़ 45 लाख मृदा स्वास्थ्य कार्ड जारी किए गए हैं। पीएम फसल बीमा योजना के तहत 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक का मुआवजा दिया गया है। पीएम आवास योजना के तहत 34 लाख से अधिक घर बनाए गए हैं तथा 63 लाख से अधिक घरों तक नल कनेक्शन पहुंचाए गए हैं। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत लगभग 89 लाख शौचालयों का निर्माण किया गया है और 43 हजार से अधिक गांव ओडीएफ प्लस घोषित किए जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 3 करोड़ 83 लाख जनधन खाते खोले गए हैं तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क नेटवर्क 53 हजार किलोमीटर से बढ़कर 86 हजार किलोमीटर से अधिक हो गया है। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभार्थियों की संख्या भी 57 लाख से बढ़कर 89 लाख से अधिक हो गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेशभर में 12 जून से 20 जून तक जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जहां चिकित्सा, कृषि, ऊर्जा, ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि ग्राम विकास यात्रा, ग्राम विकास चौपाल, संध्या चौपाल और संध्या आरती जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंवाद को मजबूत किया जा रहा है। वहीं प्रधानमंत्री की "एक पेड़ मां के नाम" पहल से प्रेरित होकर हरियालो राजस्थान अभियान के तहत बड़े स्तर पर पौधारोपण किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने गरीब कल्याण, आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई तथा वैश्विक स्तर पर भारत के बढ़ते सम्मान को देखा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है और आज पूरे देश में एक ही स्वर सुनाई देता है— "मोदी है तो मुमकिन है।"

मीडिया संवाद के दौरान प्रधानमंत्री के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित एक वीडियो फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सहित वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Previous Post Next Post