जयपुर, 2 अक्टूबर। अजमेरी गेट स्थित राजस्थान चैंबर भवन के भैरोंसिंह सभागार में स्वर्गीय बंकट बिहारी ‘पागल’ की नवम पुण्यतिथि के अवसर पर ‘झिलमिल कवि सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। वीणा माँ म्यूजिक की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साहित्यप्रेमियों और शहर के गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया। कवियों ने अपनी रचनाओं के जरिए बंकट बिहारी ‘पागल’ की साहित्यिक यात्रा और उनकी स्मृतियों को जीवंत किया।
कार्यक्रम में राजस्थान चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष डॉ. के.एल. जैन मुख्य अतिथि रहे, जबकि चोखी ढाणी के एथनिक डिजाइनर और राजस्थान विश्वविद्यालय के पूर्व डीन प्रोफेसर डॉ. चिन्मय शेष मेहता विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मुंबई से कार्यक्रम के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. संतोष चारण ने किया।
समारोह के दौरान वरिष्ठ कवि पं. वेद प्रकाश दाधीच को साहित्य और काव्य के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए ‘बंकट बिहारी ‘पागल’-कल्पना स्मृति सम्मान’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान बंकट बिहारी ‘पागल’ और उनकी पत्नी स्वर्गीय कल्पना की स्मृति को समर्पित रहा।
कवि सम्मेलन में डॉ. निशा माथुर ने सरस्वती वंदना से शुरुआत की। इसके बाद प्रशंसा श्रीवास्तव, रजनी श्री बेदी, भानु भारद्वाज, विनय कुमार ‘अंकुश’, सुरेखा मित्तल, गोपाल सिंह राधव, बादल सोनगरा, अर्चना भटनागर, प्रज्ञा श्रीवास्तव ‘प्रज्ञांजलि’, मुकेश सक्सेना, भगवान सहाय पारीक, वरुण चतुर्वेदी, वीनू शर्मा, कमलेश उपाध्याय, राजेश भटनागर, पी.के. मस्त, नीरूपमा चतुर्वेदी, सुनीता मीना, राजेश रजुआ, कन्हैया लाल, शोभा चन्दर, हेमंत कुमावत, साकार श्रीवास्तव, अमित आजाद, उमेश उत्साही, अब्दुल गफ्फार, ज्ञानवती सक्सेना, कृष्ण कुमार सैनी और अनु शर्मा ‘गार्गी’ सहित 30 से अधिक कवि-कवयित्रियों ने काव्य पाठ किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में वीणा माँ म्यूजिक की संस्थापक प्रशंसा श्रीवास्तव, निदेशक रितेश श्रीवास्तव और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। काव्य प्रस्तुतियों के दौरान सभागार तालियों और साहित्यिक रस से गूंजता रहा।
Tags
Jaipur









