जयपुर। अखिल भारतीय यादव महासभा राजस्थान के तत्वावधान में मानसरोवर स्थित सुमेर पैराडाइज में नवीन कार्यकारिणी, शपथ ग्रहण एवं प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में महासभा के राष्ट्रीय, प्रदेश, संभाग और जिला स्तर के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु मौजूद रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेश यादव रहे। समारोह में राष्ट्रीय प्रवक्ता सांवलराम यादव, राष्ट्रीय सचिव भीष्म सिंह यादव, कार्यक्रम संयोजक डॉ. उमराव सिंह यादव, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महासचिव नीतू यादव, पूर्व महापौर कुसुम यादव, कार्यालय प्रभारी प्रो. जेपी यादव, सेवानिवृत्त अधिकारी बाबूलाल यादव, शिशुपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष बजरंग लाल यादव, सैनिक प्रकोष्ठ अध्यक्ष कैप्टन बलदेव यादव, प्रदेश संगठन महामंत्री जगदीश प्रसाद यादव, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सांवरमल यादव, सह संयोजक राम कुमार यादव, माम राज यादव और जयपुर जिला अध्यक्ष योगेश यादव सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. उमराव सिंह यादव ने अतिथियों का साफा बंधवाकर एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया। समारोह में नवीन कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को संगठन की जिम्मेदारियां निभाने और समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई गई।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने सामाजिक कुरीतियों को दूर करने, समाज को संगठित और मजबूत बनाने तथा युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। इस दौरान अहीर रेजिमेंट के गठन की मांग को लेकर भी आवाज उठाई गई। साथ ही फरवरी में प्रस्तावित रेजांगला यात्रा को लेकर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले समाज के लोगों तथा राजकीय सेवाओं में चयनित प्रतिभाओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने समाज की एकजुटता, संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।समारोह के अंत में कार्यक्रम संयोजक डॉ. उमराव सिंह यादव ने सभी अतिथियों और समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया।
Tags
Jaipur