जयपुर ,15 जून, राज्य स्तरीय पीटीईटी परीक्षा (प्री टीचर एजुकेशन टेस्ट) के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के पश्चात वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय के कुलगुरु एवं मुख्य समन्वयक पीटीईटी-2026 प्रो बीएल वर्मा ने उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा से आज जयपुर में शिष्टाचार भेंट कर परीक्षा आयोजन में राज्य सरकार एवं प्रशासन द्वारा दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। वीएमओयू विश्वविद्यालय जनसंपर्क प्रकोष्ठ के
सह-समन्वयक विक्रम राठौड़ ने बताया कि भेंटवार्ता के दौरान कुलगुरु प्रो वर्मा ने उपमुख्यमंत्री डॉ बैरवा को पीटीईटी परीक्षा के सफल संचालन, सुरक्षा व्यवस्थाओं, पारदर्शिता तथा अभ्यर्थियों की सुविधाओं से संबंधित प्रमुख बिंदुओं से अवगत करा उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय, प्रशासन, पुलिस विभाग तथा विभिन्न सहयोगी एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से परीक्षा सम्पूर्ण प्रदेश में बिना किसी आशंका के निर्विघ्न संपन्न हुई। वीएमओयू भविष्य में भी राज्य सरकार की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए इसी प्रतिबद्धता और दक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का दक्षता के साथ निर्वहन करता रहेगा।
कुलगुरु प्रो वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा सुचिता एवं निष्पक्षता के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन को लेकर जो संकल्प लिया गया है, उसी दिशा में वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय द्वारा पीटीईटी परीक्षा का संचालन किया गया हैं। अभ्यर्थियों को बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए विश्वविद्यालय ने सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण की हैं। प्रो बीएल वर्मा ने परीक्षा के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन में राज्य सरकार, उपमुख्यमंत्री महोदय, उच्च शिक्षा विभाग, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन तथा विश्वविद्यालय के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों का जो अमूल्य सहयोग प्राप्त हुआ, जिसके लिए सभी का हृदय से आभार व्यक्त किया।
उपमुख्यमंत्री डॉ बैरवा ने परीक्षा "राज्य स्तरीय पीटीईटी-2026 परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी आयोजन सुनिश्चित करने के लिए कुलगुरु प्रो बीएल वर्मा तथा परीक्षा आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों की सराहना करते हुए बधाई प्रदान की। उन्होंने कहा कि पारदर्शी एवं व्यवस्थित परीक्षा प्रणाली युवाओं के विश्वास को मजबूत करती है। उन्होंने वीएमओयू की सराहना करते हुए कहा कि विवि ने परीक्षा आयोजन की जिम्मेदारी को जिस गंभीरता एवं दक्षता के साथ निभाया है। यह सफलता उच्च शिक्षा संस्थानों की प्रशासनिक क्षमता तथा राज्य सरकार की सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि विवि भविष्य में भी इसी प्रकार की उत्कृष्ट कार्यशैली एवं समर्पण के साथ महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफल निर्वहन करता रहेगा।