केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय कानून एवं न्याय तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने बीकानेर-अमदावाद रेल सेवा की उद्घाटन स्पेशल रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया*

 


उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर रेलवे स्टेशन पर आज केन्द्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय कानून एवं न्याय तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने गाड़ी संख्या बीकानेर (लालगढ)–अमदावाद (साबरमती) उद्घाटन स्पेशल रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 


इस अवसर पर रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि बीकानेर क्षेत्र की जनता को लंबे समय से बेहतर रेल संपर्क की आवश्यकता थी, जिसे आज नई रेल सेवा के माध्यम से पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि यह नई रेल सेवा बीकानेर एवं आसपास के क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा यात्रियों को बेहतर एवं सुविधाजनक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराएगी।


रेल मंत्री ने कहा कि बेहतर रेल कनेक्टिविटी से स्थानीय व्यापार, पर्यटन एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा विभिन्न शहरों के बीच आवागमन अधिक सरल एवं सुविधाजनक होगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में राजस्थान में 76,800 करोड़ रुपये से अधिक के रेलवे विकास कार्य प्रगति पर हैं तथा अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत देश भर में 1300 से अधिक रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। बीकानेर, लालगढ, नोखा, सादुलपुर, चुरू, रतनगढ रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्य भी तेजी से प्रगति पर हैं। राजस्थान में चल रहे स्टेशन पुनर्विकास कार्यों के बारे में बताते हुए कहा कि जयपुर और जैसलमेर स्टेशनों का पुनर्विकास कार्य स्थानीय कला एवं संस्कृति के अनुरूप किया जा गया है जिससे यहाँ आने वाले पर्यटक सेल्फी ले कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर रहे हैं।


राजस्थान में निर्माणाधीन परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि अनेक परियोजनाएं प्रगति पर है जिससे क्षेत्र में कनेक्टिविटी सुदृढ़ होगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान में नई लाइन, दोहरीकरण और गेज परिवर्तन निर्माण परियोजनाएं प्रगति पर है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से अधिक रेल सेवाओं का संचालन किया जाना संभव हो सकेगा। इसके साथ ही इंडस्ट्रीज और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए गति शक्ति कार्गो टर्मिनल का निर्माण किया जा रहा है।


उन्होंने बताया कि विगत समय में राजस्थान के लिए कई नई ट्रेनों की शुरुआत की गई है, जिनमें बीकानेर, जोधपुर, अजमेर और जयपुर से संचालित वंदे भारत, अमृत भारत एवं विभिन्न एक्सप्रेस रेल सेवाएं शामिल हैं। श्री वैष्णव ने बीकानेर से चंडीगढ नई ट्रेन से संबंधित प्रस्ताव की फिजीबिलीटी के लिए अधिकारियों को निर्देश प्रदान किए।


उन्होंने कहा की बॉर्डर में रेल लाइन के निर्माण कार्य को पूरी ज़िम्मेदारी के साथ हाथ में लिया गया है और इसे चरणबद्ध तरीक़े से पूरा किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए संकल्प शक्ति के साथ राष्ट्र प्रथम-सदैव प्रथम की भावना से कार्य किया जा रहा है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने विकसित भारत-2047 के लिए संकल्प लिया है इसमें हर नागरिक, युवा, किसान, महिला और समाज के हर वर्ग को सहयोग कर पूरा करना है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में राजस्थान को 10228 करोड़ रुपए का रिकार्ड बजट बजट आवंटित किया है, जो इंफ्रास्ट्रक्चर को मज़बूत बनाने में महत्वपूर्ण है।


केंद्रीय कानून एवं न्याय तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी का बीकानेर पधारने पर अभिनंदन और आभार व्यक्त किया। उन्होंने बीकानेर के 100 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित स्टेशन महोत्सव पर प्रकाश डाला तथा वंदे भारत रेल सेवा के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने क्षेत्र में दोहरीकरण, फाटकों की समस्या के समाधान और स्वच्छता के लिए भी विशेष धन्यवाद दिया।


कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों सहित उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक श्री अमिताभ, मंडल रेल प्रबंधक बीकानेर श्री गौरव गोविल, स्थानीय जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी, प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। 


बीकानेर (लालगढ़) - अमदावाद (साबरमती) एक्सप्रेस नई रेल सेवा गुजरात के अहमदाबाद और राजस्थान के बीकानेर के बीच सीधा, तेज और सुविधाजनक रेल सम्पर्क उपलब्ध कराएगी।


नई ट्रेन गुजरात के अमदावाद, महेसाणा, पाटन और बनासकांठा जिलों तथा राजस्थान के जालौर, बालोतरा, जोधपुर, नागौर और बीकानेर जिलों को लाभ पहुँचाएगी। ट्रेन के प्रमुख ठहराव साबरमती, महेसाणा, पाटन, भीलड़ी, धानेरा, रानीवाड़ा, मारवाड़ भीन माल, मोदरान, जालौर, मोकलसर, समदड़ी, लूणी, जोधपुर, गोटन, मेड़ता रोड़, नागौर, नोखा, बीकानेर और लालगढ़ होंगे।


इस नई एक्सप्रेस सेवा के प्रारंभ होने के साथ ही बीकानेर से अमदावाद तक दैनिक एक्सप्रेस रेल सम्पर्क स्थापित हो जाएगा। इस दैनिक ट्रेन सेवा से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और पर्यटकों को विशेष सुविधा प्राप्त होगी।

Vibhuti Singh Ahaluwalia

Vibhuti Singh Ahaluwalia Founder & Editor, Cultpreneur , I am a media entrepreneur, journalist, and storyteller dedicated to highlighting inspiring journeys, impactful initiatives, and emerging voices across industries. As the Founder of Cultpreneur, he leads a dynamic media platform focused on entrepreneurship, culture, business, leadership, innovation, and social impact. With a passion for meaningful storytelling and community engagement, Vibhuti works to create content that informs, inspires, and empowers audiences worldwide. Through interviews, feature stories, event coverage, and thought-provoking articles, he aims to bridge the gap between changemakers, businesses, and communities. Under his leadership, Cultpreneur has evolved into a platform that celebrates achievements, promotes innovation, and provides visibility to entrepreneurs, professionals, artists, and leaders making a difference in society. Vibhuti believes that every success story has the power to inspire change, and through Cultpreneur, he continues to bring such stories to the forefront of public discourse. Mission: To inform, inspire, and empower through impactful journalism.

Previous Post Next Post