जयपुर, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जयपुर वैक्स म्यूजियम, नाहरगढ़ फोर्ट प्रशासन और पुरातत्व विभाग के संयुक्त तत्वावधान में नाहरगढ़ दुर्ग परिसर में विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि लगाए गए प्रत्येक पौधे को देश की किसी महान शख्सियत के नाम समर्पित किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ प्रेरणादायक व्यक्तित्वों की विरासत को भी याद किया जा सके।
जयपुर वैक्स म्यूजियम द्वारा पिछले कई वर्षों से निभाई जा रही इस अनूठी परंपरा के तहत पूर्व में सचिन तेंदुलकर, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, महारानी गायत्री देवी और अमिताभ बच्चन के नाम पौधे समर्पित किए जा चुके हैं। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी विभिन्न महान विभूतियों के नाम पर पौधारोपण किया गया।
इस अवसर पर महावीर चक्र से सम्मानित वीर योद्धा महाराजा सवाई भवानी सिंह के नाम नीम का पौधा लगाया गया। हाल ही में उनकी मोम प्रतिमा जयपुर वैक्स म्यूजियम में स्थापित की गई है। इस पौधे का रोपण नाहरगढ़ दुर्ग के अधीक्षक सोहनलाल चौधरी और जयपुर वैक्स म्यूजियम के संस्थापक निदेशक अनुप श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से किया।
वहीं, त्याग और वीरता की प्रतीक हाड़ी रानी के नाम गुलमोहर का पौधा समर्पित किया गया। वन विभाग की वित्तीय सलाहकार डॉ. संगीता राठौड़ और अनुप श्रीवास्तव ने इस पौधे का रोपण किया। इसके अलावा भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर और अंतरिक्ष यात्री कल्पना चावला के नाम भी पौधे लगाए गए।
जयपुर वैक्स म्यूजियम के संस्थापक अनुप श्रीवास्तव ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनकी देखभाल कर उन्हें बड़ा करना भी है। उन्होंने कहा कि आज लगाए गए पौधे भविष्य की पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर साबित होंगे। म्यूजियम प्रशासन ने इन पौधों की नियमित देखभाल और सिंचाई की जिम्मेदारी भी अपने स्तर पर लेने का संकल्प लिया है।
उन्होंने बताया कि इस पहल का मकसद पर्यटकों और युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ देश की महान विभूतियों के योगदान से भी परिचित कराना है। नाहरगढ़ फोर्ट आने वाले पर्यटक पौधों के साथ लगी पट्टिकाओं के माध्यम से इन प्रेरणादायी व्यक्तित्वों के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
कार्यक्रम में पुरातत्व विभाग, वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और पर्यावरण प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

