जयपुर, 18 जून। जयपुर जिला बैडमिंटन संघ एवं आर.डी. बाहेती चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आर.डी. बाहेती मेमोरियल जयपुर जिला ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 का आयोजन 23 से 29 जून तक एस.एम.एस. स्टेडियम के इंडोर बैडमिंटन हॉल में किया जाएगा। प्रतियोगिता के माध्यम से जयपुर जिला बैडमिंटन टीम का चयन भी किया जाएगा।
होटल वैस्टा मौर्या में आयोजित प्रेस वार्ता में जयपुर जिला बैडमिंटन संघ के सचिव मनोज दासोत एवं आर.डी. बाहेती चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रदीप बाहेती ने बताया कि अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15 एवं अंडर-17 आयु वर्ग की स्पर्धाएं भारतीय बैडमिंटन संघ द्वारा हाल ही में लागू किए गए नए स्कोरिंग सिस्टम (15 अंक × 3 गेम) के अनुसार आयोजित की जाएंगी।
प्रदीप बाहेती ने बताया कि यह प्रतियोगिता उनके पिता स्वर्गीय आर.डी. बाहेती की स्मृति में आयोजित की जा रही है। स्वर्गीय बाहेती एक प्रतिष्ठित समाजसेवी, खेल प्रेमी एवं हास्य सम्राट के रूप में विख्यात थे। उन्होंने खेलों के विकास और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन में उल्लेखनीय योगदान दिया था।
संघ के कोषाध्यक्ष अतुल गुप्ता ने बताया कि प्रतियोगिता के मुख्य रेफरी के.के. माथुर होंगे, जबकि जगदीश खत्री एवं विकास माथुर डिप्टी रेफरी की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं, राजस्थान बैडमिंटन संघ द्वारा नियुक्त धर्मराज शर्मा मैच कंट्रोलर के रूप में कार्य करेंगे।
मनोज दासोत ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रविष्टियां जमा कराने की अंतिम तिथि 21 जून निर्धारित की गई है। प्रतियोगिता के सभी विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मोमेंटो एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। साथ ही, 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ खिलाड़ियों से किसी प्रकार की प्रवेश शुल्क नहीं लिया जाएगा।
इस अवसर पर दीपक शर्मा को जयपुर बैडमिंटन एसोसिएशन का एडवाइजर नियुक्त किया गया। प्रदीप बाहेती, मनोज दासोत एवं अलका बत्रा ने उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया।
प्रेस वार्ता में जिला संघ के पैट्रन राजीव नागोरी, विकास माथुर, संजय भार्गव, पुलकित बाहेती, रितु लोहिया तथा डॉ. देवेंद्र सहित अनेक खेल प्रेमी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
