अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के तहत आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास पर विश्व योगासन चैम्पियनशिप के पदक विजेताओं के साथ योगाभ्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए योग करना बेहद जरूरी है, इसलिए आमजन इसे अपनी जीवनशैली में जरूर अपनाएं।
उल्लेखनीय है कि अहमदाबाद में आयोजित हुई प्रथम विश्व योगासन चैम्पियनशिप में राजस्थान के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पदक जीतकर भारत का विश्व पटल पर गौरव बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने इन पदक विजेता खिलाड़ियों की हौसला-अफजाई भी की। राजस्थान के इन खिलाड़ियों ने चैम्पियनशिप में देश के लिए कुल 10 पदक जीते, जिनमें 9 स्वर्ण पदक एवं 1 रजत पदक शामिल है।