जयपुर, 18 जून। भामाशाह सम्मान समारोह-2026 के सफल आयोजन को लेकर गुरुवार को शिक्षा संकुल सभागार में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता शिक्षामंत्री श्री मदन दिलावर ने की। बैठक में आगामी 29 जून को राज्य स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। शिक्षामंत्री ने समारोह के सफल एवं गरिमापूर्ण आयोजन के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में समाज एवं भामाशाहों का योगदान राज्य के विकास और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से शिक्षा के प्रति जनसहभागिता को प्रोत्साहन मिलता है तथा शिक्षा विकास में सहयोग करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं का सम्मान सुनिश्चित होता है।
बैठक के दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा, आयोजन स्थल की व्यवस्थाएं, अतिथि समन्वय, मंच संचालन, विभागीय दायित्वों के निर्धारण तथा अन्य व्यवस्थागत पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। शिक्षामंत्री ने अधिकारियों को विभागीय समन्वय के साथ सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री राजेश यादव, राज्य परियोजना निदेशक एवं समग्र शिक्षा आयुक्त डॉ. रश्मि शर्मा, माध्यमिक शिक्षा निदेशक श्री सीताराम जाट, मिड डे मील आयुक्त श्री विश्वमोहन शर्मा, अतिरिक्त राज्य परियोजना निदेशक श्रीमती सीमा शर्मा, विभागीय उपायुक्त एवं संबंधित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।