जयपुर। श्री भवानी निकेतन महिला पीजी महाविद्यालय, जयपुर में आयोजित दो दिवसीय अंतरमहाविद्यालयी महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता का 15 अक्टूबर को समापन हुआ। प्रतियोगिता में मेजबान भवानी निकेतन महिला पीजी महाविद्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महारानी कॉलेज, विश्वविद्यालय को सीधे तीन सेटों में हराकर खिताब अपने नाम किया। इस अवसर पर महाविद्यालय में नवनिर्मित पुस्तकालय का भी उद्घाटन किया गया।
14 और 15 अक्टूबर को आयोजित इस प्रतियोगिता में राजस्थान के विभिन्न महाविद्यालयों की 11 टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबले में भवानी निकेतन महिला पीजी महाविद्यालय ने महारानी कॉलेज को 25-6, 25-15 और 25-11 से पराजित किया। समापन समारोह में अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन 14 अक्टूबर को सवाई मानसिंह स्टेडियम के खेल अधिकारी एवं द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित करण सिंह शेखावत ने किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय ऑब्जर्वर डॉ. शैलेश चौधरी, स्पोर्ट्स बोर्ड नॉमिनी डॉ. राजेंद्र सिंह शेखावत, शिक्षा समिति के सचिव सुदर्शन सिंह सुरपुरा और महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. मीना राठौड़ मौजूद रहे। इस दौरान खिलाड़ी छात्रा प्रज्ञा कुमारी ने प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ दिलाई। प्राचार्या डॉ. मीना राठौड़ ने अतिथियों का स्वागत किया।
समापन समारोह की मुख्य अतिथि राजस्थान विश्वविद्यालय के खेल बोर्ड की सचिव एवं शारीरिक शिक्षा विभाग की सहायक निदेशक डॉ. प्रतिभा सिंह रत्नू रहीं। उन्होंने छात्राओं को खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्या डॉ. मीना राठौड़ ने प्रतियोगिता का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और आयोजन की सफलता में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।
समारोह के दौरान श्री भवानी निकेतन शिक्षा समिति के पदाधिकारियों ने महाविद्यालय में नवनिर्मित पुस्तकालय का उद्घाटन किया। इस पहल को छात्राओं के अध्ययन और शैक्षणिक गतिविधियों को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम में शिक्षा समिति के अध्यक्ष नगेंद्र सिंह बगड़, उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह जैसलाण, सचिव सुदर्शन सिंह सुरपुरा, संयुक्त सचिव जालिम सिंह हुडिल, कोषाध्यक्ष श्याम सिंह मंढा, सदस्य गुलाब सिंह मेड़तिया और शिक्षा सलाहकार अभय सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता का आयोजन प्राचार्या डॉ. मीना राठौड़ के निर्देशन में शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष कविता शेखावत, सरोज शर्मा और खेल प्रशिक्षक नवीन सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। समारोह में महाविद्यालय के स्टाफ सदस्य और छात्राएं भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
.jpg)